निवेश के नाम पर महाठगी: रायनेट टेक्नोलॉजी के खातों में मिला अरबों का लेन-देन, डायरेक्टर ऋषिकेश राय नोएडा से गिरफ्तार, UAE में मुख्य आरोपी

0


MP STF Action Rishikesh Rai Arrested: मध्यप्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने निवेश के नाम पर हजारों लोगों को अरबों का चूना लगाने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को ध्वस्त किया है। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए ‘रायनेट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड’ के डायरेक्टर ऋषिकेश राय को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि इस कंपनी के खातों के जरिए 2062 करोड़ रुपए का संदिग्ध लेन-देन किया गया है। कोर्ट ने आरोपी को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जिससे इस महाठगी के और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है। इस मामले में अब तक 16 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि मुख्य आरोपी नवाब उर्फ लविश चौधरी यूएई (UAE) में छिपा है। जिसको लेकर लुक आउट नोटिस जारी किया गया है।

फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अरबों की चपत

राजधानी भोपाल स्थित एसटीएफ मुख्यालय ने निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार दुबई तक जुड़े हुए हैं। यह गिरोह भारत में अपंजीकृत कंपनियों जैसे YORKER CAPITAL, YORKER FX, YFX, QFX और BOTBRO के नाम पर लोगों को ठग रहा था।

6-8 प्रतिशत रिटर्न का लालच और क्रिप्टो का खेल

आरोपी नवाब उर्फ लवीश चौधरी और उसके साथी निवेशकों को हर महीने 6 से 8 प्रतिशत का मोटा रिटर्न देने का झूठा प्रलोभन देते थे। यह ठगी फोरेक्स ट्रेडिंग और अविनियमित निवेश (Unregulated Investment) के नाम पर की जा रही थी। आरोपी निवेशकों से ‘USDT’ (क्रिप्टो करेंसी) के माध्यम से पैसा लेते थे और उस राशि को RAINET TECHNOLOGY PVT LTD के बैंक खातों में प्राप्त करते थे।

ऋषिकेश राय की नोएडा से गिरफ्तारी

एसटीएफ के उप पुलिस अधीक्षक जगदीश सिंह सिद्धू के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी सबूतों के आधार पर नोएडा में दबिश दी और कंपनी के डायरेक्टर ऋषिकेश राय को गिरफ्तार किया। जब कंपनी के बैंक खातों की जांच की गई, तो अधिकारी दंग रह गए; इन खातों में अब तक 2062 करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन पाया गया है। एसटीएफ अब तक इस मामले में कुल 16 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

मुख्य आरोपी दुबई में, प्रत्यर्पण की तैयारी

मामले का मुख्य आरोपी नवाब उर्फ लविश चौधरी फिलहाल यूएई (UAE) में रह रहा है। एसटीएफ ने उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया है और उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है। मध्यप्रदेश पुलिस अब भारत सरकार के माध्यम से उसे भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण (Extradition) की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

bhopal news, bhopal police, investment fraud, MP STF Action, Rishikesh Rai Arrested, crypto currency Fraud case, Rainet Technology Pvt Ltd, Lavish Chaudhary UAE, Investment Scam Bhopal, Forex Trading Fraud India

Leave A Reply

Your email address will not be published.