Bihar Crime : बिहार में अपराधियों का तांडव ! पटना में मंत्री अशोक चौधरी के घर के बाहर गोलीबारी, मचा हड़कंप
Bihar Crime News : बिहार में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अपराधी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। इसी बीच गुरुवार की सुबह राजधानी पटना के सबसे पॉश इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई है।
मिली खबरों के मुताबिक बेखौफ अपराधियों ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और हाईकोर्ट के जज के आवास के बाहर गोलीबारी की है। इस लिहाज से इस घटना को काफी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि यह घटना राजधानी के हाई सिक्योरिटी इलाके में हुई है।
अशोक चौधरी के घर के पास हुई फायरिंग :
गुरुवार की सुबह अपराधियों ने बेखौफ होकर राजधानी के सबसे वीवीआईपी इलाके में पुलिस को खुली चुनौती दी। मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के ठीक पास लूट के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। यह घटना उस इलाके में हुई जहां कई मंत्रियों और बड़े अधिकारियों के आवास हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी :
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस की मौजूदगी और गश्त पर भी गंभीर संदेह पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।