वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर बस-बाइक में टक्कर, तीन गंभीर घायल
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर मंगलवार को सड़क हादसा हुआ। पनिहरी (दनियालपुर) के सामने विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही निजी बस ने सामने से जा रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक, उसकी बहन और दो वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए तीनों को एसएसपीजी अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान विकास राय (25 वर्ष) पुत्र अक्षैवर राय निवासी चुकहां, चौबेपुर के रूप में हुई है। वह अपनी बहन साधना (23 वर्ष), पत्नी रोहित की पत्नी, और दो वर्षीय भांजे हर्ष को बाइक पर लेकर कपसेठी स्थित बहन के ससुराल से अपने घर लौट रहा था। जब वे वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर पनिहरी (दनियालपुर) के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही निजी बस ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर बैठे तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक निजी एम्बुलेंस ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसएसपीजी अस्पताल रेफर कर दिया।