वाराणसी : नौकरी का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी, तीन पर केस दर्ज
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में नौकरी और सरकारी योजनाओं का लालच देकर ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पीड़िता मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे रवि कुमार भारती को नौकरी दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुद्रा लोन स्वीकृत कराने के नाम पर विवेक शर्मा उर्फ रोशन, रागिनी और विशाल शर्मा ने उन्हें झांसे में लिया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने इन योजनाओं और नौकरी के नाम पर उनसे कुल 3.50 लाख रुपये नकद वसूले।
नौकरी और योजना का लाभ न मिलने पर जब उन्होंने 17 मई 2025 को पैसे की मांग की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और मारपीट भी की गई।
घटना को लेकर पीड़िता ने न्यायालय में गुहार लगाई, जिसके आधार पर कैंट थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस ठगी की वारदात से इलाके में चर्चा का माहौल है।