77वें गणतंत्र दिवस पर छत्तीसगढ़ में देशभक्ति का उत्सव: रायपुर में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, बिलासपुर में मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण

0


Chhattisgarh Republic Day: देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राजधानी रायपुर से लेकर संभागीय और जिला मुख्यालयों तक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और भव्य परेड के जरिए संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को याद किया गया।

सुबह से ही सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति की झलक देखने को मिली।

रायपुर में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में रमेन डेका ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। परेड ग्राउंड में पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया।

बिलासपुर में मुख्यमंत्री ने ली परेड की सलामी

whatsapp-image-2026-01-26-at-91448-am-1_1769399503

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री साय प्रदेश के दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री बने, जिन्होंने बिलासपुर के पुलिस मैदान में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने वर्ष 2001 से 2003 तक बिलासपुर में ही गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण किया था।

उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने संभागों में संभाली कमान

प्रदेश के अलग-अलग संभागों में भी गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हुआ। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बस्तर में और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सरगुजा जिला मुख्यालय में झंडा फहराया। जांजगीर-चांपा में मंत्री ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

दुर्ग में केंद्रीय मंत्री ने फहराया तिरंगा 

दुर्ग जिले में भी गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान हर्ष फायरिंग भी की गई। वहीं दुर्ग साइंस कॉलेज से प्रभात रैली निकाली गई, जिसमें प्राचार्य, स्टाफ और एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए।

रायगढ़ में रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण

रायगढ़ जिले के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में आयोजित समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने तिरंगा फहराया। परेड के लिए पुलिस बल और जवानों की टुकड़ियां पूरी तरह तैयार नजर आईं।

प्रदेशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता के प्रति पूरी मजबूती से खड़ा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.