वियतनाम में छाया चरखी दादरी का पहलवान सुजित कलकल, 10-0 के विशाल अंतर से जीता गोल्ड मेडल

चरखी दादरी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां चरखी दादरी जिले के गांव इमलोटा के पहलवान सुजित कलकल ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत विदेशी सरजमीं पर भारत का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने वियतनाम में आयोजित हुई कुश्ती चैंपियनशिप में उज़्बेकिस्तान के पहलवान खिलाड़ी को चारों खाने चित करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है.

65 किलोग्राम भारवर्ग में जीता गोल्ड मेडल

वियतनाम में आयोजित हुई U- 23 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में सुजित कलकल ने 65 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर दिया है. उन्होंने पूरी चैंपियनशिप में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए इस उपलब्धि को हासिल किया है. कुश्ती एसोसिएशन चरखी दादरी के जिला सचिव ने बताया कि सुजित ने वियतनाम में बहुत ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया हैं. हमें उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है.

ऐसा रहा फाइनल का सफर

सेमीफाइनल मैच में सुजित कलकल ने कजाकिस्तान के पहलवान को 10- 0 के विशाल अंतर से हराते हुए फाइनल में धमाकेदार एंट्री की. गोल्ड मेडल के लिए खेले गए फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने 10- 0 के विशाल अंतर से उज्बेकिस्तान के पहलवान को चारों खाने चित कर दिया. इससे पहले भी उन्होंने अनेक नेशनल व इंटरनेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतकर न केवल जिले बल्कि हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है.

Leave a Comment