मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की… पर्व-त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

0


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी मंडलों, पुलिस जोन, रेंज एवं जनपदों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने होली, महाशिवरात्रि और रमजान सहित विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।

होली और शोभायात्राओं को लेकर विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 से 4 मार्च तक होली का पर्व मनाया जाएगा और ब्रज क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल रहेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शोभायात्राओं में किसी भी उपद्रवी तत्व की घुसपैठ न होने पाए।

  • रंग में भंग डालने वालों और अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

  • होलिका दहन केवल पारंपरिक स्थलों पर

  • सड़क के बीच किसी भी स्थिति में होलिका दहन न हो

  • सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर सतत निगरानी

महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि के अवसर पर जलार्पण के लिए निकलने वाले कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी के जिलाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई। 14 और 15 फरवरी को प्रमुख शिवधामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए।

  • श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था

  • यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था

  • महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान

  • राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) एवं राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें 24×7 सक्रिय रहें

  • मंदिर परिसरों में पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती

यातायात और ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यातायात जाम के प्रमुख कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। अस्थायी उपायों के बजाय दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान लागू किए जाएं।

  • धर्मस्थलों पर ध्वनि-विस्तारक यंत्रों की आवाज परिसर से बाहर न जाए

  • विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों में रात 10 बजे के बाद डी.जे. एवं तेज ध्वनि उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध

  • उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई

भिक्षावृत्ति, अवैध मदिरा और स्टंटबाजी पर रोक

मुख्यमंत्री ने धर्मस्थलों के आसपास बढ़ती भिक्षावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने और संबंधित व्यक्तियों के पुनर्वास की योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही-

  • अवैध, जहरीली एवं नकली मदिरा के निर्माण और बिक्री पर पूर्ण नियंत्रण

  • 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम में सुधार

  • सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने वालों पर विशेष निगरानी

बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन हों

मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 फरवरी से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं।

  • परीक्षाएं नकलविहीन सम्पन्न कराई जाएं

  • परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई

रमजान, नवरात्रि और जनगणना की तैयारियां

रमजान माह की शुरुआत और संभावित 21 मार्च को ईद के मद्देनज़र धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर शांति और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए। 19 मार्च से बसंतिक नवरात्रि और उसके बाद राम नवमी के आयोजन भी निर्धारित हैं। सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आगामी जनगणना के प्रथम चरण के प्रारंभ को ध्यान में रखते हुए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के प्रति अत्यधिक सतर्कता आवश्यक है। प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निभाए, ताकि प्रदेश में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.