नमो घाट पर स्वच्छता और स्वास्थ्य का संगम, सफाई के साथ योगाभ्यास, किया जागरूक
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत रविवार को नमो घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे गंगा विचार मंच (महानगर इकाई) और जेटली ताइक्वांडो क्लब के संयुक्त प्रयास से यह श्रमदान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें स्वच्छता के बाद योग कर कार्यकर्ताओं ने जागरूक किया।

कार्यक्रम की अगुवाई जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने की। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता है तो स्वास्थ्य है, गंदगी है तो बीमारी।” इसी उद्देश्य से जन-जागरुकता अभियान चलाते हुए गंगा किनारे फैली पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें, कपड़े आदि कचरे को श्रमदान के माध्यम से साफ किया गया।
इस स्वच्छता कार्यक्रम में दर्जनों स्वयंसेवकों ने भाग लिया और गंगा की निर्मलता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान नमो घाट स्थित नमस्कार मुद्रा के निकट योगाभ्यास भी किया गया। शिवम अग्रहरि ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसमें आरोग्य और अनुशासन के साथ स्वच्छता का संदेश भी शामिल किया गया है।

नमामि गंगे की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी कदम है, बल्कि योग और स्वास्थ्य से जुड़े जनजागरण का भी सशक्त माध्यम बन रही है। इस अभियान में प्रमुख रूप से अंकिता जेटली, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, सपना वर्मा, प्रवीण, विनायक, सोनी, अनुष्का, विराट, सिद्धि समेत अनेक स्वयंसेवक शामिल रहे।