बरेका में स्वच्छता अभियान, कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

0


वाराणसी। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार संचालित देशव्यापी “स्वच्छता अभियान 2025” के दूसरे चरण के अंतर्गत बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में स्वच्छता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बरेका परिसर में कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित हुईं, जिनका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और कर्मचारियों को प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत बरेका के लोको डिवीजन में स्वच्छता शपथ  के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे केवल अपने कार्यस्थल पर ही नहीं, बल्कि अपने आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। शपथ समारोह ने कर्मचारियों में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना का संचार किया।

इसके उपरांत लोको असेंबली शॉप में गहन श्रमदान अभियान  आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। श्रमदान के दौरान परिसर से कचरा, अनुपयोगी वस्तुएं और कबाड़ हटाया गया। कर्मचारियों ने सामूहिक प्रयास से परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इसी क्रम में बरेका सेंट्रल कॉलोनी परिसर में इंटेंसिव क्लीनलिनेस ड्राइव (Intensive Cleanliness Drive) का आयोजन किया गया। इस अभियान में कॉलोनी क्षेत्र की सड़कों की सफाई, कचरा संग्रहण और अन्य स्वच्छता गतिविधियों को बखूबी अंजाम दिया गया। सफाई कर्मियों और कर्मचारियों ने मिलकर कॉलोनी को स्वच्छ बनाने में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

स्वच्छता के दायरे को आगे बढ़ाते हुए बरेका कारखाना परिसर में भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों और शौचालयों की व्यापक सफाई की गई। कर्मचारियों ने न केवल श्रमदान किया बल्कि स्वच्छता के महत्व पर भी जागरूकता दिखाई। बरेका प्रशासन का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल परिसर को साफ-सुथरा रखना नहीं है, बल्कि कर्मचारियों और अधिकारियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना भी है। महाप्रबंधक ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे “स्वच्छ भारत अभियान” को समर्थन देते हुए अपने कार्यस्थलों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में निरंतर सहयोग करें।








Leave A Reply

Your email address will not be published.