Covid19: मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा- झारखंड में पैनिक होने की नहीं, सतर्कता की ज़रूरत

 

Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को अस्पताल, रांची में कोविड संक्रमण की आशंका को लेकर आपातकालीन बैठक बुलाई. इसमें सभी जिलों के स्वास्थ्य पदाधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ गहन मंथन किया गया. देश में कोविड-19 के मामलों में फिर से वृद्धि और नए वेरिएंट्स NB.1.8.1 एवं LF.7 की पहचान के मद्देनज़र यह बैठक बुलाई गई. बैठक के उपरांत डॉ. अंसारी ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है. वे स्वयं स्थिति की सतत निगरानी कर रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया है. सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं.

बेंगलुरु में कोविड से एक वरिष्ठ नागरिक की मृत्यु की पुष्टि की चर्चा करते डॉ. अंसारी ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिए कि सभी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर कोविड जांच केंद्र तुरंत स्थापित कराएं. पॉजिटिव पाए जाने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कर समुचित इलाज सुनिश्चित करें.

डॉ. अंसारी ने जानकारी दी कि झारखंड के रांची में भी एक कोविड मामला सामने आया है जिसमें मरीज की उम्र अधिक है. उसमें पहले से स्वास्थ्य समस्याएं मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि यह संक्रमण विशेष रूप से उम्रदराज और सांस संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे लोगों को प्रभावित कर रहा है, इसलिए सावधानी आवश्यक है.

मौके पर मंत्री ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए. मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य के बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट्स को तत्काल चालू किया जाएगा ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आपात स्थिति का सामना न करना पड़े.

इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री की सख्ती के चलते डॉक्टरों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गयीं. सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है. साथ ही उन्होंने नर्सिंग स्टाफ को उनके सेवा भाव के लिए विशेष धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों और नर्सों को सरकार सम्मानित करेगी. इरफान के मुताबिक, राज्य सरकार केंद्र सरकार की नई गाइडलाइंस का इंतजार कर रही है. जैसे ही निर्देश मिलेंगे, त्वरित कदम उठाए जाएंगे. हालांकि फिलहाल कोई औपचारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है, लेकिन नागरिकों को सजग रहने और अफवाहों से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है. यह समय घबराने का नहीं, बल्कि एकजुट होकर जागरूकता और अनुशासन दिखाने का है. झारखंड सरकार और स्वास्थ्य विभाग हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

Leave a Comment