नई दिल्ली, Delhi Mausam News | बीते काफी समय से राजधानी दिल्ली समेत NCR के कई इलाकों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है. रुक- रुक कर होने वाली बारिश से तापमान में कमी देखने को मिली है. कुछ दिनों पहले तक जहां लोग भीषण गर्मी से परेशान थे. अब लोगों को गर्मी से राहत मिली है. दिन के समय निकलने वाली धूप से गर्मी जरूर महसूस हो रही है, लेकिन शाम के समय बादल छा जाने से राहत मिलती नजर आ रही है.
बदला मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों के दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे नौतपा के दौरान भी लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. शनिवार रात को आई आंधी और बारिश से कई जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. सोमवार सुबह फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिला और बूंदाबांदी शुरू हो गई.
शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि तेज बारिश होगी, लेकिन कुछ देर बाद हवा चलने से बादल छा गए और बारिश हल्की हो गई. सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
30 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा सकता है. 27 मई को पहला और 30 मई को दूसरा पक्षिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे दिल्ली- NCR क्षेत्र में कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है. मौसम के इस बदले मिजाज से किसान खुश नजर आ रहे हैं, क्योंकि इन दिनों धान की रोपाई होती है और बारिश से धरती की प्यास बुझ रही है.