MCU में गौ-शाला निर्माण की मांग: यूनिवर्सिटी में NSUI का उपवास, एक छात्र की तबीयत बिगड़ी

0


MCU Gaushala Demand NSUI: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल में  गौ-शाला बनाए जाने की मांग को लेकर NSUI ने एक दिवसीय उपवास रखा। इस दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद एमसीयू प्रबंधन ने छात्रों को सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया है।

NSUI प्रदेश सचिव की बिगड़ी तबीयत

प्रदर्शन के दौरान दोपहर बाद उपवास का नेतृत्व कर रहे NSUI प्रदेश सचिव अमन पठान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ता उन्हें तुरंत विश्वविद्यालय स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई गई।

MCU
माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विवि में गौ-शाला निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते NSUI छात्र।

रजिस्ट्रार ने दिया समाधान का आश्वासन 

घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. पी. शशिकला मौके पर पहुंचीं और उपवास कर रहे छात्रों से मुलाकात कर छात्र से प्राथमिक उपचार कराने का  आग्रह किया। साथ ही डॉ. शशिकला ने छात्रों की मांग के विषय में विश्वविद्यालय प्रबंधन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने संवेदनशीलता के साथ बातचीत करने और गौ-शाला निर्माण की मांग पर सकारात्मक समाधान का आश्वासन भी दिया।

छात्रों को पूर्व मंत्री और विधायक का समर्थन

उपवास कर रहे छात्रों को भोपाल उत्तर विधायक आतिफ अकील का भी समर्थन मिला। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से उपवास पर बैठे कार्यकर्ताओं से संवाद किया और गौ-शाला निर्माण की मांग को जायज बताया। साथ ही अकील एक गाय दान करने की घोषणा की।
 इस मुहिम को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का भी छात्रों को समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा, गौ-शाला निर्माण न केवल आस्था का विषय है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा हुआ है।

MCU4
एमसीयू की रजिस्ट्रार डाॅ. पी शशिकला यूनिवर्सिटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में छात्र से मिलने पहुंची और उसकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।

ये छात्र हुए उपवास में शामिल

NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि छात्रों की इस जनहितकारी और मानवीय मांग पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में गौ-शाला निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। उपवास कार्यक्रम में नबील असलम, नरेंद्र सिंह, हरिओम गुप्ता, जोगेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, अभिषेक राणा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  गुना TI को हाईकोर्ट से बड़ा झटका: ग्वालियर की डबल बेंच ने बरकरार रखा सस्पेंशन, कोर्ट ने कहा-पीड़ितों को परेशान करना बर्दाश्त नहीं

Leave A Reply

Your email address will not be published.