खाटूश्याम और सालासर के लिए सीधी मुफ्त बस सेवा शुरू, सीट बुकिंग के लिए डायल करें टोल फ्री नंबर
कैथल | राजस्थान के सीकर में स्थित खाटूश्याम मंदिर की देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बड़े धार्मिक स्थल के रूप में मान्यता है. पूरे भारत से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी लोग यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं. इस मंदिर की एक बहुत ही खास और अनोखी बात प्रचलित है. कहा जाता है कि जो भी इस मंदिर में जाता है इसे बाबा श्याम का हर बार एक नया रूप देखने को मिलता है. कई लोगों को उनके आकार में भी बदलाव नजर आता है.
कैथल विधायक ने शुरू की फ्री बस सेवा
कैथल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं के लिए दो निःशुल्क बस सेवाओं की शुरुआत की. ये बसें सीधे कैथल से खाटू श्याम धाम और सालासर धाम तक जाएगी. इस अवसर पर आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि यह सुविधा उन श्रद्धालुओं के लिए सहारा बनेगी जो आर्थिक तंगी की वजह से अब तक खाटूश्याम और सालासर बालाजी के दर्शन नहीं कर पाए थे.
उन्होंने बताया कि सीट बुकिंग के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 9729730055 पर संपर्क कर सकते हैं. इस अवसर पर कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. उन्होंने सुरजेवाला की इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि यह जनता के प्रति विधायक की निष्ठा को दर्शाता है.
बुजुर्गो को मिलेगा तीर्थ यात्रा का अनुभव
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि खाटूश्याम और सालासर बालाजी के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू करने का उद्देश्य उन परिवारों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना है जो अभी तक आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के अभाव में इससे वंचित थे.
मैंने चुनाव प्रचार के दौरान बुजुर्गो से मुफ्त में धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने का वादा किया था. धार्मिक स्थलों की यात्रा से बुजुर्गो को भी काफी अच्छा महसूस होगा और उनका आशीर्वाद हमें अभिभूत करने का काम करेगा.