बरेका में सूचना प्रणाली केंद्र की स्थापना, डिजिटल इंडिया मिशन की ओर बड़ा कदम
वाराणसी। बरेका ने डिजिटल इंडिया मिशन को सशक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बरेका ने सूचना संप्रेषण को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक आधुनिक सूचना प्रणाली केंद्र की स्थापना की है। इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों और अधिकारियों तक प्रशासनिक और तकनीकी सूचनाएं सीधे और समयबद्ध तरीके से पहुंचेंगी।
इस पहल का मार्गदर्शन महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया, जिन्होंने तकनीकी नवाचारों को संगठन में लागू करने की दिशा में विशेष रुचि दिखाई। परियोजना के क्रियान्वयन में वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एसके सिंह ने महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी भूमिका निभाई, वहीं आंकड़ा संसाधन प्रबंधक अमित सिकदर ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। नवविकसित सूचना प्रणाली का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब कर्मचारियों को SMS के माध्यम से समय पर सूचनाएं प्राप्त होंगी। इससे सूचना प्रसारण में होने वाली देरी और भ्रम की स्थिति से बचा जा सकेगा।
इस प्रणाली के माध्यम से कर्मचारियों को अवकाश, मीटिंग और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी, आपातकालीन सूचनाएं और अलर्ट, महत्वपूर्ण घोषणाएं व परिपत्र, कर्मचारियों से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रदान की जाएगी। यह प्रणाली सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों तक तुरंत सूचना पहुंचाने में सक्षम है, चाहे वे किसी भी पाली या स्थान पर कार्यरत क्यों न हों। इससे न केवल कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि दक्षता और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।