मंडुवाडीह में संविदा कर्मी की सीढ़ी से गिरकर मौत, परिजनों और स्टाफ ने जताया आक्रोश
वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के सेंट जॉन्स कॉलोनी में रविवार को बिजली का काम करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंफर जोड़ने के दौरान संविदा कर्मी सीढ़ी से गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद साथी कर्मचारी और स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
काम के दौरान हादसा
बताया जा रहा है कि संविदा कर्मी बिजली का जंफर जोड़ने के लिए सीढ़ी पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
डीपीएच पर जुटे परिजन और स्टाफ
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और संविदा स्टाफ डीपीएच (डिवीजन पावर हाउस) पर इकट्ठा हो गए। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे और सुरक्षा मानकों की कमी पर सवाल उठाए। वहीं संविदा कर्मचारियों ने भी कार्यस्थलों पर सुरक्षा उपकरणों और संसाधनों की मांग उठाई।
वातावरण में आक्रोश
घटना के बाद कर्मचारियों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि संविदा कर्मियों से खतरनाक काम तो कराया जाता है लेकिन उचित सुरक्षा इंतज़ाम नहीं होते। परिजन भी ग़म और गुस्से से भरे थे और मृतक के परिवार के भरण-पोषण की चिंता जाहिर की।