Sonbhadra : रिहंद बांध के पांच फाटक खुले, 42 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों में अलर्ट

0


सोनभद्र के पिपरी स्थित प्रदेश का सबसे बड़ा रिहंद बांध एक बार फिर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश से बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए रविवार की आधी रात 869 फीट से ऊपर पहुंच गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए सिंचाई विभाग ने रात 12 बजे पांच फाटक खोल दिए।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि रविवार शाम से ही बांध में पानी का इनफ्लो अचानक तेज हो गया था। आधी रात तक जलस्तर 869.1 फीट पार कर गया। इसके बाद बारी-बारी से पांच फाटक खोले गए, जिन्हें 16 फीट तक उठाकर पानी छोड़ा जा रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे तक बांध का जलस्तर 869.1 फीट पर स्थिर रहा।

यह इस वर्ष तीसरी बार है जब रिहंद बांध के फाटक खोले गए हैं। इससे पहले 28 जुलाई और 4 अगस्त को भी बांध का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने पर फाटक खोले गए थे।

उधर, जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता शशिकांत राय ने बताया कि बांध पर बनी सभी छह टरबाइन फिलहाल फुल लोड पर चल रही हैं, जिससे लगभग 300 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। फाटक खोलने और टरबाइन से पानी छोड़ने के बाद करीब 42 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।

लगातार पानी छोड़े जाने से सोन नदी और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। चोपन क्षेत्र के कई गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि पानी का स्तर बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए लोग सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.