गरीबों को मुफ्त दवाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं : वाराणसी के जैतपुरा में शुरू हुआ मानवता का अनूठा प्रयास
वाराणसी। सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए वाराणसी के जैतपुरा क्षेत्र में एक नए मेडिकल स्टोर (प्रेम मेडिकल स्टोर) की शुरुआत की गई है। प्रेम मेडिकल स्टोर की सबसे खास बात यह है कि यहां गरीबों को मुफ्त दवाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुस्लिम बहुल इलाके में खोला गया यह मेडिकल स्टोर आसपास के गरीब मुस्लिम और गैर-मुस्लिम तबके के लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण साबित होगा।
इस नेक पहल के पीछे हैं नामदेव पांडेय, जो बीते करीब 20 वर्षों से मेडिकल क्षेत्र में सक्रिय हैं। पांडेय जी ने कोरोना महामारी के दौरान दवाओं की किल्लत और अभाव का दर्द करीब से देखा और महसूस किया। यही कारण है कि उन्होंने समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा शुरू करने का संकल्प लिया। नि:संदेह, उनका यह कदम सराहनीय है और समाज के लिए प्रेरणा बनने वाला है।

प्रेम मेडिकल स्टोर में रोजाना शाम को 3 घंटे डॉक्टर फाहरुख की ओपीडी भी चलेगी, जिससे गरीब तबके के लोग सीधे चिकित्सकीय परामर्श ले सकेंगे। बुनियादी दवाओं के साथ-साथ गरीब महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। यही नहीं, यहां मुफ्त ब्लड प्रेशर जांच और आधे रेट पर शुगर टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उद्घाटन के अवसर पर संत डॉ. स्वामी शिवानंद जी महाराज भी मौजूद रहे और उन्होंने इस सेवा भाव से प्रेरित कार्य की सराहना करते हुए नामदेव पांडेय को आशीर्वाद प्रदान किया।

नामदेव पांडेय का यह प्रयास केवल एक मेडिकल स्टोर की स्थापना नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। समाज को जोड़ने और जरूरतमंदों की मदद करने की उनकी भावना वाराणसी ही नहीं, पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।