‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता से लेकर उपराष्ट्रपति चुनाव तक…बैठक में NDA सांसदों से PM मोदी ने क्या-क्या कहा?

0

संसद के मानसून सत्र में बिहार में वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है. पीएम मोदी ने इस बैठक में विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने सांसदों को बताया कि सरकार इस सत्र में पांच अहम बिल पास कराने की कोशिश करेगी.

एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी

NDA Meeting: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन में एनडीए (NDA) के सांसदों के साथ एक बेहद ही खास बैठक की. यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब संसद का मानसून सत्र विपक्ष के हंगामे के कारण ठप पड़ा है और देश में उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इस मीटिंग में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसने देश की राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर दी है.

उपराष्ट्रपति चुनाव की रणनीति हुई तैयार

7 अगस्त से उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो रहा है और एनडीए के पास बहुमत भी है. पीएम मोदी ने सांसदों को इस चुनाव के लिए दिशा-निर्देश दिए. सूत्रों के मुताबिक, यह भी तय किया गया कि जल्द से जल्द उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया जाएगा. इससे यह साफ हो गया है कि एनडीए इस चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर पीएम मोदी को सम्मान

इस बैठक में पीएम मोदी को हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए सम्मानित किया गया. आपको याद होगा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हमारी सेना ने यह ऑपरेशन शुरू किया था. इसका मकसद पाकिस्तान में छिपे आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देना था. इस ऑपरेशन की सफलता के लिए प्रधानमंत्री का सम्मान किया गया.

यह भी पढ़ें: फिर जेल से बाहर आया गुरमीत राम रहीम, 14वीं बार मिली पैरोल

विपक्ष के आरोपों का पीएम मोदी ने दिया जवाब

संसद के मानसून सत्र में बिहार में वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है. पीएम मोदी ने इस बैठक में विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने सांसदों को बताया कि सरकार इस सत्र में पांच अहम बिल पास कराने की कोशिश करेगी. उन्होंने सांसदों को यह भी समझाया कि कैसे सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना है और विपक्ष के आरोपों का जवाब देना है.

इशारों-इशारों में राहुल पर निशाना

पीएम मोदी ने सांसदों को संदेश दिया और कहा कि हमने 5 अगस्त को धारा 370 हटाई. हमने 5 अगस्त को राम मंदिर बनाया. उन्होंने विपक्ष पर भी तंज कसा और कहा कि हमें ऐसा विपक्ष कहां से मिलेगा जो ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ले.

वहीं, पीएम मोदी ने इशारों-इशारों में राहुल गांधी का जिक्र किया और हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा, “वो कुछ भी बोलते रहते हैं. उन्होंने बचपना किया…सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई. देश ने उनका बचपना देख लिया.” हालांकि, पीएम मोदी ने उनका नाम नहीं लिया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.