फरीदाबाद की 6 कालोनियों के लिए खुशखबरी, सीवर और पेयजल लाइन के साथ मिलेगी पक्की सड़कों की सौगात
फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर निगम प्रशासन द्वारा 6 कालोनियों में न केवल पेयजल और सीवर लाइन बिछाई जाएगी, बल्कि पक्की सड़कों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इस कार्ययोजना पर अगले महीने से काम शुरू होने की उम्मीद है.
लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
डबुआ कॉलोनी के रतिराम मार्ग पर सीवर व पानी की लाइन और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के साथ- साथ जल निकासी पर भी काम होगा. इस योजना के लिए करीब 6 लाख रुपए के बजट को मंजूरी दी गई है. वहीं, जवाहर कालोनी इलाके में सारन स्कूल रोड पर कुरूक्षेत्र स्कूल के पास 32 लाख रुपए से कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी. लंबे समय से कालोनी के लोग इस सड़क के निर्माण की मांग उठाते आ रहे थे, लेकिन यहां पर विकास कार्यों को स्वीकृति नहीं मिलने के चलते पेंच फंसा हुआ था. अब जाकर यहां काम शुरू हो रहा है.
वार्ड नंबर- 8 के सोनिया चौक इलाके में बाबा मंडी पॉकेट में कंक्रीट सड़क का निर्माण किया जाएगा. इसी तरह नंगला एन्क्लेव पार्ट- 2 में पेयजल संकट खत्म करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. ये लाइनें सुभाष चौक के पास एक से लेकर गली नंबर- 6 तक डाली जाएंगी. इन कार्यों के लिए 30.37 लाख रुपए की बजट राशि को मंजूरी दी गई है.
संजय कालोनी की सुधरेंगी स्थिति
वार्ड नंबर- 5 के अंतर्गत संजय कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी. यहां पर गली नंबर- 28, 29 और 44 की गलियों में जलसंकट से निजात दिलाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. इस काम के लिए 38.15 लाख रुपए के बजट को स्वीकृति दी गई है. इसके अलावा जवाहर कॉलोनी में सनातन धर्म मंदिर वाली गली में कंक्रीट सड़क का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है. नगर निगम प्रशासन द्वारा उपरोक्त कार्यों के लिए बजट राशि मंजूर कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.