वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के हर घर पर तिरंगा फहराने के उद्देश्य से नगर निगम ने विशेष पहल की है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर, परियोजना अधिकारी डूडा निधि वाजपेयी के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं 2.5 लाख तिरंगा तैयार कर रही हैं। पहल से न सिर्फ राष्ट्रीय पर्व का गौरव बढ़ेगा, बल्कि महिलाओं को भी आर्थिक संबल मिलेगा।

झंडे पूरी तरह हाथ से बनाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय महिला समूहों को रोजगार के साथ-साथ देशभक्ति की भावना से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है। अब तक 50 हजार झंडों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष झंडों को बनाने का कार्य तेजी से जारी है।

नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को उनके-अपने क्षेत्रों में झंडा वितरण का लक्ष्य सौंपा है। इनमें अदमपुर जोन को 40 हजार, भेलूपुर को 45 हजार, दशाश्वमेध को 45 हजार, कोतवाली को 25 हजार, वरुणापार को 45 हजार, सारनाथ को 20 हजार, ऋषि मांडवी को 15 हजार और रामनगर को 15 हजार तिरंगे बांटने का लक्ष्य दिया गया है।

जोनल अधिकारी अपने कर्मचारियों की मदद से घर-घर जाकर इन तिरंगों का वितरण करेंगे, ताकि 15 अगस्त को पूरे वाराणसी में हर घर पर तिरंगा लहराए। नगर निगम का यह अभियान ‘हर घर तिरंगा’ को और अधिक सशक्त और प्रेरणादायक बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
