हरियाणा के किसानों को बड़ी राहत, जल्द मिलेगा गन्ने का बकाया पैसा

0

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने राज्य के गन्ना किसानों को बड़ी खुशखबरी दी है.अब गन्ना बेचने के बाद किसानों को जल्द भुगतान किया जाएगा. राज्य के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान प्राथमिकता के आधार पर जल्द- से- जल्द किया जाए.

नारायणगढ़ शुगर मिल पर विशेष ध्यान

कृषि मंत्री ने चंडीगढ़ में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा मुख्य रूप से उठाया गया. उन्होंने विशेष रूप से नारायणगढ़ शुगर मिल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के किसानों का बकाया जल्द निपटाया जाए. उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि भुगतान प्रक्रिया में कोई देरी न हो और पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया जाए.

मिलों में निरंतर गन्ना पिराई जरूरी

श्याम सिंह राणा ने यह भी कहा कि गन्ना मिलों में पिराई कार्य लगातार चलता रहना चाहिए ताकि किसानों की फसल समय पर खरीदी जा सके. इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसानों को उनकी फसल का मूल्य तुरंत मिलना चाहिए, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े. बैठक के बाद कृषि मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी हो और खेती की लागत कम की जाए.

मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए किसानों की मिट्टी का लैब में परीक्षण करवाया जा रहा है. इसके आधार पर फसल लगाने की वैज्ञानिक सलाह दी जाती है, ताकि उपज बेहतर हो सके. साथ ही, सरकार किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज भी मुहैया करवा रही है.

प्राकृतिक खेती को मिल रहा बढ़ावा

कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार रासायनिक खाद पर किसानों की निर्भरता को कम करने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है. इसके लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है और उन्हें अनुदान भी दिया जा रहा है, ताकि वे जैविक और प्राकृतिक तरीके से खेती कर सकें. आधुनिक खेती की तरफ बढ़ते कदम सरकार पारंपरिक खेती के साथ- साथ आधुनिक और विविध खेती को भी बढ़ावा दे रही है. किसानों को मत्स्य पालन, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित व्यवसायों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.