हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का निधन, सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग सहित कई इंटरनेशनल प्लेयर्स के हुनर को दी थी धार

Ranchi: हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का निधन हो गया है. रविवार की सुबह करीब 8.30 बजे मेडिकल टीम द्वारा प्रतिमा को मृत घोषित किया गया. तत्पश्चात उनके परिजनों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए कुछ धार्मिक प्रार्थना की. इसके उपरांत डेथ प्रमाण पत्र पर अपना हस्ताक्षर किया. इससे पहले शुक्रवार को पैरालिसिस अटैक और ब्रेन हेमरेज के बाद उन्हें पारस अस्पताल, रांची में आईसीयू में एडमिट किया गया था. वे हाल के दिनों में कुछ दिनों से बीमार भी चल रही थीं. 2007-08 में एनआइएस, पटियाला से उन्होंने डिप्लोमा कोर्स किया था. फिलहाल वे खूंटी के बालक प्रशिक्षण केंद्र में कोच के तौर पर डेढ साल से सेवा दे रही थीं. इससे पहले उन्होंने करीब 15 वर्षों तक तक सिमडेगा में महिला हॉकी प्लेयर्स को ट्रेनिंग देती रही थीं. इस दौरान उन्होंने अर्जुन अवार्डी सलीमा टेटे (भारतीय महिला हॉकी टीम की कैप्टन) के अलावा ब्यूटी डुंगडुंग, संगीता कुमारी, रजनी केरकेट्टा, दीपिका सोरेंग, सुषमा कुमारी जैसी दर्जनों इंटरनेशनल हॉकी प्लेयर्स की प्रतिभा को निखारने में महती भूमिका निभाई थी. उनके निधन पर झारखंड हॉकी संघ सहित अन्य खेल संघों के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों ने दुख जाहिर किया है. अपने शोक संदेश में उन्हें विशिष्ट कोच और शख्सियत बताया है. सिमडेगा हॉकी संघ के मनोज कोनबेगी ने कहा है कि भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे सहित कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आज प्रतिमा से ही प्रशिक्षण प्राप्त कर देश-विदेश में झारखंड का नाम बढ़ा रही हैं. झारखंड के हॉकी के विकास में उनका योगदान अतुलनीय है. उनके निधन से झारखंड ने एक अनमोल रत्न खो दिया. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.

मंत्री ने जताया शोक

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने प्रख्यात कोच प्रतिमा बरवा के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि देश को कई प्रतिभाशाली महिला हॉकी खिलाड़ी देने वाली प्रख्यात कोच प्रतिमा बरवा जी के निधन से भारतीय खेल जगत को अपूरणीय क्षति पहुँची है.

उनका समर्पण, अनुशासन और प्रशिक्षण की विरासत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें.

Leave a Comment