खाटूश्याम जाने की है पूरी तैयारी, तो पढ़ लें यह खबर; 43 घंटे बंद रहेंगे मंदिर के कपाट

0

नई दिल्ली | राजस्थान के सीकर स्थित खाटूश्याम मंदिर की देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बड़ी मान्यता है. यहां देश- विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने पहुंचते हैं. यदि आप भी हारे के सहारे बाबा श्याम के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें. अन्यथा, बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है.

43 घंटे बंद रहेंगे कपाट

आज यानि 6 सितंबर के बाद श्रद्धालुओं को बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए 43 घंटे इंतजार करना पड़ेगा. चंद्रग्रहण और विशेष तिलक श्रृंगार के कारण खाटू श्याम मंदिर के पट 6 सितंबर की रात 10 बजे से 8 सितंबर की शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे.

श्री श्याम मंदिर कमेटी ने बताया कि इस बार दर्शन बंदी दो प्रमुख कारणों से होगी. 7 सितंबर को रात 9:58 बजे से 1:26 बजे तक पूर्ण चंद्रग्रहण होगा. हिंदू धर्मशास्त्रों के अनुसार, ग्रहण काल में मंदिरों के कपाट बंद रखे जाते हैं, क्योंकि इस दौरान नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव माना जाता है. मंदिर में विशेष शुद्धिकरण प्रक्रिया के बाद ही दर्शन शुरू होंगे.

8 सितंबर को तिलक श्रृंगार

बाबा श्याम का शाही स्नान और तिलक श्रृंगार 8 सितंबर को होगा, जिसमें विशेष चंदन से उनका श्रृंगार किया जाएगा. यह धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद ही मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.