बरेका में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत निकली रैली, साफ-सफाई को किया प्रेरित

0


वाराणसी। रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार एवं बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार को “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025” के तहत भव्य स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

vns

रैली का शुभारंभ बरेका के मुख्य संरक्षा अधिकारी राम जन्म चौबे ने कुंदन तिराहे के पास हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली कुंदन तिराहे से शुरू होकर सूर्य सरोवर, मां काली मंदिर, नाथूपुर गेट होते हुए पुनः कुंदन तिराहे पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने आकर्षक पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।

vns

“स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत” और “स्वच्छ बरेका स्वस्थ बरेका” जैसे गगनभेदी नारों से बरेका का वातावरण गूंज उठा। रैली का दृश्य ऐसा था मानो संपूर्ण परिसर स्वच्छता के संदेश से सराबोर हो गया हो। स्थानीय नागरिक भी इस रैली में जुड़ते चले गए और अभियान को जनांदोलन का स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर उप मुख्य संरक्षा अधिकारी ए.के. धुसिया, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (प्लांट) ए.के. सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान, सिविल डिफेंस, नागरिक सुरक्षा संगठन, बरेका सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने मिलकर साफ-सफाई को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

रैली का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। आयोजन समिति का मानना है कि ऐसी गतिविधियां न केवल सफाई की आदत को बढ़ावा देती हैं, बल्कि समाज को सामूहिक जिम्मेदारी का बोध भी कराती हैं।

स्वच्छता रैली के समापन पर जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बरेका परिवार “स्वच्छता ही सेवा अभियान” को एक जन-जागरूकता आंदोलन बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले दिनों में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहेंगे।








Leave A Reply

Your email address will not be published.