ग्वालियर में फायरिंग: युवती पर दिनदहाड़े कई गोलियां बरसाईं, पुलिस पर भी फायर, जेल से छूट कर आया था आरोपी
Gwalior Shooting Incident Girl Injured: ग्वालियर में फायरिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार, 12 सितंबर को दोपहर एक युवक ने लड़की पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लड़की के मुंह पर गोलियां गली हैं। इसी बीच पुलिस के पहुंचने पर युवक ने पुलिस पर पर फायरिंग की कोशिश की। हालांकि, कुछ देर बाद युवक को दबोच लिया गया। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। फायरिंग की घटना रूप सिंह स्टेडियम के पास की है।
बताते हैं, जेल से छूट कर आए बदमाश ने लड़की को रोका और उसके चेहरे पर लगातार 4-5 फायर कर दिए। जिससे लड़की लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ी। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस पर भी तानी पिस्टल
इधर, बदमाश को रोकने के लिए वहां तैनात पुलिस ने कोशिश की, लेकिन वह बड़ी मुश्किल से पुलिस के हाथ आया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बदमाश ने पुलिस के सामने भी पिस्टल तान दी थी। पुलिस को आरोपी पर काबू पाने के लिए टियर गैस फायर करना पड़ा। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया।
लड़की पर कई गोलियां चलाईं
प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया कि मैं कोर्ट से आ रहा था। तरण पुष्कर तक पहुंचा था कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वहां पहुंचकर देखा तो एक साइको टाइप का व्यक्ति था, उसने एक बच्ची पर एक-एक कर कई गोलियां चलाईं। तीन गोलियां तो मेरे सामने चली हैं। लड़की सड़क पर बेहोश पड़ी थी। यहां भीड़ लगी थी। कोई युवक को नियंत्रित नहीं कर सकता था। इसलिए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के आने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े तब आरोपी को पकड़ा जा सका।
देखें, घटना की तस्वीरें…




CSP ने कहा- पुलिस को भी डराने की कोशिश की
सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में एक युवक ने युवती ( नंदनी परिहार) को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना के समय कई लोग मौजूद थे। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी अरविंद परिहार को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गोली चलाने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के दौरान आरोपी ने पुलिस को डराने की भी कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर में ही उसे काबू कर लिया गया। आरोपी के पास से हथियार भी जब्त कर लिया गया है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना स्थल पर वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम जांच में जुटी है।