JSCA चुनाव मामले में प्रतिवादियों को नोटिस, जवाब दाखिल करने के लिए छह सप्ताह का मिला समय
Ranchi: सत्र 2025-28 के लिए झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के पदाधिकारियों के चुनाव को चुनौती देने वाली उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी नंदू पटेल की याचिका की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई. मामले में कोर्ट ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अगली सुनवाई 6 सप्ताह बाद होगी.
जेएससीए अध्यक्ष और सचिव की ओर से उनके अधिवक्ता ने नोटिस प्राप्त किया. दरअसल, 18 मई को जेएससीए के चुनाव में अध्यक्ष अजयनाथ को शाहदेव चुना गया था. जबकि संजय पांडेय को उपाध्यक्ष, सौरव तिवारी को सचिव, अमितावा घोष को कोषाध्यक्ष, शाहबाज नदीम को संयुक्त सचिव सहित अन्य सभी पदों पर अजय गुट के प्रत्याशियों का चुनाव किया गया था.
क्या है मामला
प्रार्थी ने जेएससीए चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनावी प्रक्रिया को रद्द करते हुए नियमानुसार निर्विवाद वोटर लिस्ट बनकर नये सिरे चुनाव कराने की मांग की है. कहा है कि 18 मई को हुए जेएससीए चुनाव में 107 वोट ऐसे डाले गए थे, जो एसोसिएशन के बायलॉज व न्याय के नैसर्गिक सिद्धांतों का उल्लंधन है. लगातार पांच वार्षिक आमसभा से अनुपस्थित रहनेवाले सदस्यों, राज्य के बाहर निवास करनेवाले सदस्यों तथा लगभग ढाई दर्जन सदस्यों द्वारा एक से अधिक वोट डाला गया है, जो नियमों का उल्लंघन है. बायलॉज का उल्लंघन कर चुनाव कराया गया, जो उचित नहीं है.