वाराणसी : नवरात्र में प्रदूषण रूपी राक्षस का दमन करने का संकल्प, नवकन्याओं ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वाराणसी। नवरात्र की अष्टमी तिथि पर नमामि गंगे की अनूठी पहल के तहत कन्याओं ने कुमारी पूजन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए समाज को जागरूक किया। अमर शहीद संतोष कुमार कपूरिया युवा सांस्कृतिक समिति गढ़वासी टोला के पंडाल में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान में दुर्गा स्वरूपा कन्याओं ने “प्रदूषण रूपी राक्षस” के दमन का संकल्प लेते हुए संदेश दिया कि हर कोई “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाए।
इस अवसर पर कन्याओं को सिंगल-यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने और कपड़े के झोले उपयोग में लाने की प्रेरणा दी गई। साथ ही, देवी दुर्गा की प्रिय अड़हुल के पौधे उपहारस्वरूप भेंट किए गए ताकि अधिक से अधिक वृक्षारोपण हो सके। कन्याओं ने लोगों से नदियों की सुरक्षा करने और उन्हें मां की तरह सम्मान देने का भी आह्वान किया।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने बताया कि यह पहल केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में देवी दुर्गा का प्रकृति से गहरा संबंध है और नवरात्रि का पर्व प्रकृति के प्रति आदर और संतुलन बनाए रखने का प्रतीक है।
कार्यक्रम में कन्याओं के साथ-साथ समिति के पदाधिकारियों ने भी वृक्षारोपण और प्रदूषण मुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन में प्रमुख रूप से राजेश शुक्ला, विजय कपूरिया, रामेश्वर कपूरिया, विनय कपूरिया, पूनम शुक्ला, सूर्यांशु शुक्ला सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।