विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने दुर्गाकुंड वार्ड में किया प्रवास, सीवर-नाली की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी
वाराणसी। पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 75 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के चौथे दिन दुर्गाकुंड वार्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड की सफाई व्यवस्था, सीवर और नाली की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान सीवर-नाली की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक को पुलिस चौकी से ब्लॉक 27 तक कई स्थानों पर नालियां टूटी और गली चोक मिली। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद जोनल अधिकारी को तुरंत मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया। साथ ही, सड़क किनारे फैले सिल्ट को भी सफाई कर्मचारियों से तत्काल साफ कराया गया।
कौड़ी माता मंदिर के पास सीवर ओवरफ्लो की शिकायत पर जलकल विभाग के कनिष्ठ अभियंता को मशीन लगाकर सफाई कराने का निर्देश दिया गया। विधायक ने वार्ड में बेतरतीब ढंग से कटे और लटके केबल तारों को लेकर नाराजगी जताई और नगर निगम को तत्काल उन्हें हटाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर विधायक ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पांच पौधे भी रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रवास में डा. वीरेंद्र प्रताप सिंह, मण्डल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू, पार्षद अक्षयबर सिंह, जोनल अधिकारी रतनदेव सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे।