वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर काशीवासियों ने अनोखे अंदाज़ में शुभकामनाएं दीं। बुधवार को नमामि गंगे के तत्वावधान में सामने घाट पर मां गंगा की विशेष आरती उतारी गई और उनकी लंबी उम्र की कामना की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री की तस्वीर संग गंगा की आरती की गई तथा 75 मीटर लंबी चुनरी प्रतीकात्मक रूप से मां गंगा को अर्पित की गई। अर्पित चुनरी को बाद में जरूरतमंद महिलाओं में वितरित कर सामाजिक संदेश भी दिया गया।
इस आयोजन के साथ ही जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा तट की सफाई से हुई, जिसके बाद दुग्धाभिषेक, पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन के साथ मां गंगा का आशीर्वाद लिया गया। नमामि गंगे के कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता के लिए प्रार्थना की।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि भारत आत्मनिर्भर बने और हर नागरिक स्वच्छता को अपने जीवन का संस्कार बनाए। इसी उद्देश्य से गंगा आरती और दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद मांगा गया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान जनजागरूकता और जनसहभागिता के जरिए लोगों को गंगा की सफाई से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़े। आयोजन में सामूहिक संकल्प लिया गया कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा बने। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजेश शुक्ला, सुभाष श्रीवास्तव, प्रो. प्रेमशंकर सोनकर, अंजलि कुमारी, सीमा राय, मीरा राय, सुधा सिंह, अमित पांडेय, इंद्रावती पटेल, कुसुम पटेल, अनीशा कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।