MP विधानसभा विशेष सत्र: मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का हंगामा, विपक्ष बोला- बापू से डरती है BJP, उषा ठाकुर बोलीं-अब लोग लेंगे राम का नाम

0


MP Assembly Special Session:मध्यप्रदेश विधानसभा (Madhya Pradesh Assembly) की स्थापना के 69 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार (17 दिसंबर) को एक दिवसीय विशेष सत्र (Special Session) शुरू हो चुका है। सत्र की शुरुआत से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। मनरेगा योजना (MNREGA Scheme) का नाम बदलने के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) के नाम से डरने का आरोप लगाया, वहीं भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने नाम परिवर्तन का खुलकर समर्थन किया।

विशेष सत्र में 7 घंटे होगी चर्चा

मध्यप्रदेश विधानसभा के 69 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह विशेष सत्र बुलाया गया है। अध्यक्ष ने जानकारी दी कि सत्र में कुल 7 घंटे की चर्चा होगी, जिसमें दो घंटे का समय मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के लिए निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने सदन में प्रस्ताव रखते हुए आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध मध्यप्रदेश की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।

ये भी पढ़ें- व्यापमं घोटाला: इंदौर की CBI अदालत से 10 आरोपियों को 5-5 साल की कैद, 2008 की पटवारी भर्ती में फर्जीवाड़े का मामला

सीएम बोले- विधानसभा की ऐतिहासिक स्मृतियां हो रही हैं जीवंत

सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1956 में गठित विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा और उससे जुड़ी स्मृतियां इस विशेष सत्र के माध्यम से फिर से जीवंत हो रही हैं। उन्होंने बाबा महाकाल (Baba Mahakal) की नगरी से मिली प्रेरणा का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत विचारों के स्वतंत्र आदान-प्रदान में है और यही इसकी खूबसूरती है।

ये भी पढ़ें- उज्जैन लैंड पूलिंग योजना रद्द: किसानों के विरोध और नाराजगी के बाद सरकार का फैसला, आदेश जारी

मनरेगा नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस विधायकों ने मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में विधानसभा परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी। गांधी प्रतिमा के सामने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक एकजुट हुए। उनका कहना था कि केंद्र सरकार ने पहले योजना के बजट में कटौती की और अब महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजना का नाम बदलने की कोशिश की जा रही है।

उमंग सिंघार बोले- बीजेपी को बापू से डर लगता है

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी गांधी जी के चरखे की बात करते हैं, दूसरी तरफ महात्मा गांधी के नाम पर चल रही मनरेगा योजना में पैसा देना बंद कर दिया गया। अब योजना का नाम बदलने की तैयारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा को बापू से डर लगता है।

ये भी पढ़ें- एमपी में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष घोषित: पीसीसी अध्यक्ष पटवारी ने जारी की 780 ब्लॉक प्रेसिंडेंट की सूची

भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने नाम बदलने का किया समर्थन

मनरेगा योजना के नाम परिवर्तन पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि अच्छा हुआ इस योजना का नाम बदला गया। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि अब दिन में जितनी बार भी इस योजना का जिक्र होगा, लोग भगवान राम (Lord Ram) का नाम लेंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई।

रतलाम के जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

इसी बीच अलीराजपुर के बाद अब रतलाम जिले से भी बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) जीतू पटवारी को भेजा है। जानकारी के अनुसार ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद हर्षविजय गहलोत ने यह कदम उठाया। अपने इस्तीफे में उन्होंने स्पष्ट किया है कि पारिवारिक दायित्वों और अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कार्यों के चलते वे जिला अध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी ठीक से निभा नहीं पा रहे हैं। इन्हीं दोनों कारणों को आधार बनाते हुए उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद से अलग होने का निर्णय लिया है।

रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

ये भी पढ़ें- शिवपुरी में ट्रक हादसा: चलते ट्रक से उठी लपटें, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, अहमदाबाद जा रहा था, धान सुरक्षित

Leave A Reply

Your email address will not be published.