अंबाला | देशभर के सभी राजमार्गों पर से गुजरने के लिए वाहन चालकों को टोल प्लाजा (Toll Plaza) से होकर गुजरना पड़ता है. वहां उन्हें निर्धारित शुल्क की अदायगी करनी पड़ती है, जिसके बाद ही वे अपने गंतव्य की ओर बढ़ पाते हैं. हाल ही में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा एक नई योजना की घोषणा की गई है, जिसके तहत वाहन चालक 3000 रुपये में 1 साल के लिए टोल पास बनवा सकेंगे. इसके बाद, वे 1 वर्ष में 200 बार तक टोल नाकों से गुजर सकेंगे.
स्टेट हाईवे के टोल प्लाजा पर लागू नहीं होगी योजना
वर्तमान में यह योजना केवल NHAI और नेशनल एक्सप्रेसवे (NE) के टोल प्लाजा पर मान्य रहेगी, लेकिन स्टेट हाईवे के टोल प्लाजा पर यह स्कीम लागू नहीं होगी. अंबाला शहर के लोग इस योजना को लेकर बेहद खुश नजर आ रहे हैं. यह सुविधा सिर्फ घरेलू वाहनों के लिए है, कमर्शियल वाहनों को इसमें शामिल नहीं किया गया है.
स्थानीय नागरिक नवीन कुमार यादव ने बताया कि वे अक्सर अपने फोर व्हीलर से परिवार संग चंडीगढ़ जाते हैं और हर बार टोल टैक्स काफी महंगा पड़ता है. इस योजना से वे 3000 रुपये में 200 बार टोल पार कर सकेंगे, जिससे पैसे और समय दोनों की बचत होगी.
बेहतरीन विकल्प बनी नई स्कीम
दूसरे स्थानीय नागरिक विनोद गुप्ता ने बताया कि 3000 रुपये में एक साल का टोल पास बनवाना उनके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. जो लोग सालभर अपने निजी वाहनों से परिवार समेत घूमने के लिए निकलते हैं, उन्हें इस योजना से काफी राहत मिलेगी. महेंद्र कुमार ने योजना की तारीफ करते हुए कहा कि अक्सर पहाड़ों की ओर सफर के दौरान टोल टैक्स पर बहुत खर्च हो जाता है. अब इस योजना से वे पूरे साल में 200 बार आसानी से टोल पार कर सकेंगे.