हरियाणा के इस जिले में शुरू होगी ओपन एवं डबल- डेकर बस सेवा, शहर की खूबसूरती देखने का मिलेगा मौका
अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में अब मुंबई की तर्ज पर ओपन तथा डबल- डेकर बसों की सेवा शुरू की जाएगी. इन बसों से पर्यटकों को शहर भ्रमण में अधिक सहूलियत मिलेगी. यात्री शहीद स्मारक, विज्ञान केंद्र, बैंक स्क्वायर और रानी का तालाब तक की यात्रा बसों के माध्यम से आराम से कर सकेंगे.
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि शहर तभी तरक्की करता है जब बाहर से लोग इसे देखने आएं. ओपन एवं डबल- डेकर बसों की शुरुआत से स्थानीय लोगों व पर्यटकों को शहर की खूबसूरती देखने का मौका मिलेगा.
सुभाष पार्क की सुधरेगी अवस्था
उन्होंने यह भी कहा कि अंबाला छावनी का सुभाष पार्क हरियाणा में आकर्षण का केंद्र बन चुका है और वहां आने वाले लोगों की संख्या दिन- ब- दिन बढ़ रही है. ऊर्जा मंत्री ने पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए टॉय ट्रेन और हॉट एयर बैलून जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. साथ ही, उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को रंग- बिरंगे फूल- पौधे लगाने और झील को साफ रखकर उसमें मछलियाँ बसाने को कहा, ताकि पार्क में हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य बना रहे.