होली से पहले किसानों को पेमेंट: मुख्यमंत्री साय ने 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर


Krishak Unnati Yojana Payment: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना के आदान सहायता राशि वितरण समारोह और वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेशभर के किसानों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से राज्य के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि अंतरित की।

इसमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसान भी शामिल रहे, जिनके खातों में कुल 494.38 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिले को विकास कार्यों की मिली नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर जिले के विकास को गति देते हुए 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही 247.18 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 82 नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रतीक खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का विमोचन भी किया गया।

होली से पहले किसानों को आर्थिक राहत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दिन किसानों के सम्मान का दिन है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लाखों किसानों ने धान बिक्री की है और उन्हें त्योहार से पहले आर्थिक मजबूती देने के उद्देश्य से राशि जारी की गई है, ताकि किसान परिवार होली का पर्व खुशी और सम्मान के साथ मना सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को केंद्र में रखकर योजनाएं बना रही है और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

किसानों के लिए नई सुविधाएं और योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार किसानों को धान खरीदी के दौरान बारदाने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा और भुगतान भी समय पर किया गया। राज्य सरकार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा दे रही है, जिससे लाखों किसान किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ उठा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में किसानों को धान की सर्वाधिक कीमत देने की व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी आर्थिक सहायता राशि अंतरित की जा रही है।

सिंचाई, पशुपालन और पर्यटन पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कृषि के साथ-साथ सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, खाद पर सब्सिडी और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है।

राज्य के बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है और संसाधनों के बेहतर उपयोग से विकास को गति दी जा रही है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ समझौता किया गया है, जिससे प्रदेश में दुग्ध क्रांति की संभावना बढ़ेगी।

Leave a Comment