आईआईटी (बीएचयू) में हिन्दी पखवाड़ा–2025 के अंतर्गत काव्य गोष्ठी का आयोजन
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) में शुक्रवार को हिन्दी पखवाड़ा–2025 के अंतर्गत ऐनी बेसेंट लेक्चर थियेटर–4 में भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर कवियों, साहित्यकारों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने अपनी सहभागिता से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कवि व आलोचक श्री व्योमेश शुक्ल रहे, जिन्होंने शिक्षण और साहित्य के बीच संतुलन पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने अपनी चर्चित कृतियाँ ‘आग और पानी’ तथा ‘कविता क्या है’ संस्थान निदेशक प्रो. अमित पात्रा, प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी, प्रो. संजय पांडेय और कुलसचिव सुमित कुमार बिस्वास को भेंट कीं।
निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की एक बांग्ला कविता का हिन्दी अनुवाद प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर अध्यापकों, कर्मचारियों और छात्रों ने भी स्वरचित कविताओं का पाठ किया।
गोष्ठी में प्रो. संजय शर्मा, प्रो. अजीत कुमार मिश्रा, संयुक्त कुलसचिव राजन श्रीवास्तव, संयुक्त कुलसचिव स्वाति बिस्वास, उप कुलसचिव डॉ. अमित कुमार सिंह और वरिष्ठ हिन्दी अनुवादक शशांक पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन हिन्दी भाषा और साहित्य के संवर्धन तथा सांस्कृतिक समृद्धि के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।