इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट से ठगी, अश्लील वीडियो किया पोस्ट, एक आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। ऑनलाइन ठगी और अश्लील वीडियो पोस्ट करने के मामले में वाराणसी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भेलुपुर थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार आरोपी ने एक दुकान के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर साड़ियों की बिक्री का झांसा दिया।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी व अन्य लोग उसकी तस्वीर लगाकर साड़ियों की कम कीमत दर्शाते और स्कैनर के माध्यम से ग्राहकों से भुगतान ले लेते थे। भुगतान करने के बाद ग्राहकों को सामान नहीं भेजा जाता था। इससे नाराज ग्राहक पीड़िता को कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे, जिससे वह मानसिक और सामाजिक दबाव में आ गईं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी रेवती रमन मिश्रा ने उसके नाम से अश्लील वीडियो पोस्ट कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यावसायिक छवि को गंभीर क्षति हुई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।