रायगढ़ के थ्री स्टार होटल में सेक्स रैकेट: सनराइज स्पा की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, 3 महिलाएं मिलीं, मैनेजर और संचालक अरेस्ट
Raigarh Sex Racket: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक थ्री स्टार होटल में संचालित अवैध देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर चल रहे सनराइज स्पा एंड सैलून में रेड के दौरान तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं मिलीं। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल ट्रिनिटी में संचालित स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद शशिमोहन सिंह (एसएसपी) के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 9 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी।
तीन कमरों से महिलाएं बरामद
छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उनकी मर्यादा का ध्यान रखते हुए तलाशी ली। कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में स्पा संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने और अवैध कमाई के लिए महिलाओं की व्यवस्था की जाती थी।
यह भी पढ़ें: मुस्लिम संपत्ति बंटवारे पर छत्तीसगढ़ HC का फैसला: मुस्लिम व्यक्ति एक तिहाई से अधिक संपत्ति वसीयत नहीं कर सकता, वारिसों की सहमति जरूरी
मैनेजर और संचालक गिरफ्तार
पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह और स्पा संचालक विनयकांत बरगट को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे से ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, 6,000 रुपये नगद (पुलिस पाइंटर द्वारा दिए गए), स्पा से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर और वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसे किसी भी अनैतिक कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: सूरजपुर में आरक्षक ने किया सुसाइड: एमसीबी ड्यूटी से लौटने के बाद घर में फंदे पर मिला शव, आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं