एशिया की सबसे बड़ी शुगर मिल में घुसा बारिश का पानी, 50 करोड़ रुपए की चीनी बर्बाद

0

यमुनानगर | हरियाणा के लगभग सभी जिलों में जमकर बारिश हो रही है. शहरों में जलभराव से सड़कें तालाब का रूप धारण कर चुकी हैं. कुछ ऐसा ही हाल यमुनानगर में बना हुआ है, जहां लगातार हो रही तेज बारिश से एशिया की सबसे बड़ी सरस्वती शुगर मिल को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है.

50 करोड़ रुपए की चीनी बर्बाद

सरस्वती शुगर मिल के जनरल मैनेजर राजीव मिश्रा ने बताया कि बारिश का पानी और पास के नाले के ओवरफ्लो होने के कारण मिल के 2 चीनी गोदामों में 4 फीट तक गंदा पानी घुस गया, जिससे 2.20 लाख क्विंटल में से 1.10 लाख क्विंटल चीनी खराब हो गई है. इससे शुगर मिल को 50 करोड़ रूपए का नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा, गोदामों में घुसे पानी से मशीनरी भी क्षतिग्रस्त हो गई है.

उन्होंने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि नाले का पानी शुगर मिल के गोदामों में घुसा हैं. नाले पर अवैध कब्जों और निर्माण के कारण जल निकासी बाधित हुई, जिसके चलते पानी शटर के नीचे से गोदामों में घुस गया. मजदूरों और जेसीबी की मदद से पानी निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक करोड़ों रुपए की चीनी बर्बाद हो चुकी थी.

अवैध कब्जे हटवाने की मांग

जीएम राजीव मिश्रा ने जिला प्रशासन से नाले पर अवैध कब्जे हटवाने की मांग की हैं ताकि भविष्य में ऐसे नुकसान से बचा जा सके. बता दें कि यमुनानगर स्थित सरस्वती शुगर मिल की चीनी हरियाणा के साथ- साथ हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कोलकाता, असम, पंजाब और जम्मू- कश्मीर तक सप्लाई होती है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.