लोहता में धूमधाम से निकली राम बारात, भक्तों का उमड़ा जनसैलाब – सुरक्षा के रहे कड़े इंतज़ाम

0


वाराणसी। शुक्रवार की शाम लोहता में रामलीला समिति के तत्वावधान में परंपरागत राम बारात धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। यह भव्य शोभायात्रा छेदी साहू के मकान से शुरू होकर घनी मुस्लिम आबादी से होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोहता तिराहे पर संपन्न हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु बारात का हिस्सा बने और पूरे उत्साह के साथ जयकारे लगाते, नाचते-गाते चल रहे थे।

लोहता की रामलीला समिति हर वर्ष इस धार्मिक परंपरा का आयोजन करती है। इस वर्ष 312वां वर्ष होने के कारण आयोजन और भी भव्य रहा। प्रभु श्रीराम के साथ लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की बारात में शामिल भक्त डीजे की धुन पर झूमते-नाचते नजर आए। ढोल, नगाड़े और ताशे की थाप पर भक्ति मंडलियां उल्लासपूर्वक थिरकती रहीं।

राम बारात के स्वागत में जगह-जगह श्रद्धालु उमड़ पड़े। घर-घर के सामने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के साथ राजा दशरथ तथा गुरु वशिष्ठ और विश्वामित्र की आरती उतारी गई। बारात मुस्लिमपुरा, अलावल, मीनाबाजार, बजरंगनगर, लोहता बाजार होते हुए लोहता तिराहे पर पहुंची, जहां महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं भक्तों के लिए बजरंग नगर हनुमान मंदिर में जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई।

a

पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा, लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह और कस्बा इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा बारात के साथ मौजूद रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि श्रद्धालु शांति और सुरक्षा के बीच धार्मिक उत्सव का आनंद उठा सकें।

इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ दुबे, मंत्री कन्हैया लाल सेठ, पंडित रमाकांत शुक्ला (ब्यास), सुरेश श्रीवास्तव, कृपाशंकर मिश्रा, तेजबहादुर सिंह, रजनीशकांत शुक्ला पिंटू, शैलेश तिवारी, बबलू सिंह, सुनील मिश्रा, दीपक श्रीवास्तव, विजय बहादुर दुबे विक्की सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु शामिल रहे।

देखें वीडियो 



Leave A Reply

Your email address will not be published.