Rat Attack: MYH अस्पताल में चूहों का आतंक, नवजात की मौत मामले में मानवाधिकार आयोग ने मांगा जवाब
Rat Attack Indore Hospital: मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराजा यशवंतराव हॉस्पिटल (MYH) में चूहों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिनों के भीतर ICU में भर्ती दो नवजात शिशुओं को चूहों ने काट लिया। इस घटना में एक बच्ची की 2 सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अब मानवाधिकार आयोग ने नोटिस जारी कर नवजात की मौत पर अस्पताल से जवाब मांगा है
गंभीर हालत में भर्ती थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची को खरगोन जिले से लाया गया था। उसका वजन मात्र 1.2 किलो था और वह जन्मजात बीमारियों से जूझ रही थी। फेफड़ों की समस्या और कम हीमोग्लोबिन के कारण वह वेंटिलेटर पर थी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उसकी मौत का कारण सेप्टीसीमिया यानी संक्रमण था, न कि चूहे के काटने से, क्योंकि जख्म छोटा था।
दूसरा नवजात अभी भी ICU में भर्ती
दूसरा बच्चा, जो देवास जिले से है, सर्जरी के बाद फिलहाल वेंटिलेटर पर है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें MP RERA Chairman: रेरा चेयरमैन को राहत, पद से हटाने के लिए बिल्डरों ने हाईकोर्ट में लगाया था केस
अस्पताल प्रशासन पर कार्रवाई
चूहों की समस्या सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। दो नर्सिंग ऑफिसर्स को निलंबित कर दिया गया है क्योंकि उन्होंने ICU में चूहों की मौजूदगी की जानकारी अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई। वहीं, हेड नर्स, ICU प्रभारी और विभागाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट को भी पद से हटा दिया गया है।
मानवाधिकार आयोग सख्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर एक हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
जुर्माना और जांच कमेटी गठित
चूहों की रोकथाम के लिए जिम्मेदार प्राइवेट कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही पांच डॉक्टरों और एक नर्सिंग ऑफिसर की उच्चस्तरीय जांच कमेटी बनाई गई है, जो एक हफ्ते में रिपोर्ट पेश करेगी।
ये भी पढ़ें : Mandsaur ED Raid: पूर्व आबकारी अधिकारी के घर पर छापा, 8 दिन पहले ट्रांसफर होकर आए