हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर, कल से मिलेगा सरचार्ज योजना का लाभ

चंडीगढ़, Haryana Bijli News | हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. सरकार ने “बिजली सरचार्ज माफी योजना 2025” शुरू करने का फैसला लिया है. यह योजना 12 मई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी. योजना का उद्देश्य 31 अगस्त 2024 तक बिजली निगम के डिफाल्टर उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाना है. यदि कोई उपभोक्ता अपने मूलधन का एकमुश्त भुगतान करता है, तो उसे मूल राशि पर 10% की छूट दी जाएगी. इसके अलावा, उन उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी जो एक बार में पूरी राशि अदा करने में सक्षम नहीं हैं.

यह होंगे पात्र

इस योजना में ग्रामीण क्षेत्रों के सभी निजी बिजली उपभोक्ता, कृषि उपभोक्ता, सरकारी विभाग, नगर पालिकाएं, ग्राम पंचायतें, राज्य सरकार के अन्य सार्वजनिक सेवा संस्थान, औद्योगिक इकाइयां और अन्य विविध श्रेणियों के उपभोक्ता शामिल होंगे. उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन चाहे कटा हो या चालू, वह योजना के तहत पात्र माना जाएगा.

अगर किसी उपभोक्ता के पास सरकारी, नगर पालिका, ग्राम पंचायत या राज्य सरकार की किसी सेवा से जुड़ा बिजली कनेक्शन है और वह अपनी पूरी बकाया मूल राशि एक बार में जमा कर देता है, तो उस पर लगा पूरा सरचार्ज माफ कर दिया जाएगा.

किश्तों में भुगतान की भी मिलेगी सुविधा

फैक्ट्री और अन्य बड़े उपभोक्ता यदि आधा जुर्माना एक साथ भरते हैं, तो बाकी आधा माफ कर दिया जाएगा. अगर उन्होंने अगले 6 बिल समय पर नहीं भरे, तो माफ किया गया जुर्माना फिर से भरना होगा. उपभोक्ता अगर अपने बकाया का भुगतान किश्तों में करना चाहें, तो उन्हें 8 मासिक या 4 द्विमासिक किस्तों का विकल्प मिलेगा. यह योजना 11 नवंबर 2025 तक वैध रहेगी. किसी उपभोक्ता को शिकायत हो, तो वह संबंधित कार्यकारी अभियंता के समक्ष अपील कर सकते हैं.

Leave a Comment