दिल्ली के 18 लाख उपभोक्ताओं को राहत, जल्द लागू होगी पानी बिल माफी योजना
नई दिल्ली | बीते काफी दिनों से राजधानी दिल्ली के लोग पानी के ज्यादा बिल की समस्या से परेशान हो रहे हैं. हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह मुद्दा काफी उछला था. काफी उपभोक्ता ऐसे हैं, जो ज्यादा बिल आने के चलते अपने बिल को जमा नहीं करवा पा रहे हैं. इससे जल बोर्ड भी नुकसान झेल रहा है.
अब भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा इसके समाधान के लिए पानी बिल माफी योजना लाने का ऐलान किया गया है. इसे लेकर दिल्ली जल बोर्ड रूपरेखा तैयार कर रहा है. जो लोग बिना कनेक्शन के पानी चोरी करते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी.
केजरीवाल सरकार ने की थी घोषणा
साल 2023 में पूर्व CM अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा इस योजना की घोषणा की गई थी, लेकिन वह धरातल पर नहीं उतर पाई थी. इसके बाद, BJP जब सत्ता में आई तो उन्होंने इस समस्या का समाधान करने का फैसला लिया. जल मंत्री प्रवेश वर्मा भी विधानसभा में इस समस्या के शीघ्र समाधान की बात कह चुके हैं. सोमवार को उन्होंने जानकारी दी कि घरेलू उपभोक्ताओं को पानी बिल में राहत देने की योजना पर विचार चल रहा है. इसके तहत, घरेलू उपभोक्ताओं के 90% तक बिल माफ किए जाएंगे.
बिलिंग सिस्टम में होगा बदलाव
इसके लिए बिलिंग प्रणाली के सॉफ्टवेयर में कुछ बदलाव किया जाएगा. इसमें आने वाली तकनीकी अड़चनों को दूर किया जाएगा. इस योजना का ऐलान कर दिया जाएगा. लोग सरकार से बिल में राहत योजना का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए जल बोर्ड के अधिकारियों को बिल जमा न कर पाने वाले उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटने के निर्देश दिए गए हैं.
जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि गलत पानी के बिल की समस्या के चलते कई उपभोक्ता बिलों का भुगतान नहीं कर पाए हैं. साल 2023 के जुलाई महीने तक ऐसे 11 लाख उपभोक्ता थे, जिन्होंने अपना बिल जमा नहीं करवाया था लेकिन अभी यह संख्या 18 लाख हो चुकी है.