रोहनियां पुलिस के हत्थे चढ़े चार गो-तस्कर, सात गोवंश कराया मुक्त, तीन वाहन बरामद
वाराणसी। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत वाराणसी कमिश्नरेट की रोहनिया पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सात गोवंश को मुक्त कराया। साथ ही एक पिकअप वाहन, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
अखरी बाईपास से लगभग 200 मीटर आगे डाफी टोल प्लाजा की ओर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सटीक सूचना पर एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका, जिसमें 1 गाय और 6 सांड़ लदे हुए थे। मौके से पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पशुओं को गोवध के लिए बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान मिर्जामुराद के चक्रपानपुर निवासी राजन विन्द, अमरा खैरा निवासी सुनील विन्द, मोया हिंदवारी प्रयागराज निवासी राजित कुमार पासी और प्रयागराज के फूलपुर के जनुवाडीह निवासी आदर्श कुमार पासी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त राजन विन्द पर पूर्व में छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या की कोशिश, पॉक्सो एक्ट, बलात्कार और मारपीट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
तस्करों के खिलाफ थाना रोहनिया में मुकदमा संख्या 191/2025 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह समेत उपनिरीक्षक विकास कुमार, धर्मेंद्र राजपूत, दिनेश सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।