Samastipur News : समस्तीपुर में ट्रेन से महिला गायब ! एक महीने पहले हुई थी शादी, बीमार पिता को देखने जा रही थी लहेरियासराय
Samastipur News : समस्तीपुर में चलती ट्रेन से एक महिला के गायब होने का मामला सामने आया है। बेगूसराय के तेघड़ा से दरभंगा आ रही ट्रेन से एक महिला गायब हो गई है। इस संबंध में महिला के पति सुमित कुमार ने रेल थाना लहेरियासराय में आवेदन दिया है। सुमित ने अपने आवेदन में लिखा है कि पत्नी समस्तीपुर स्टेशन के पास यह कह कर गई थी कि वह शौचालय जा रही है। तब से वह वापस नहीं लौटी।
पति ने जीआरपी को दी सूचना : इस मामले में महिला के पति सुमित ने रेल पुलिस को आवेदन दिया है। जिसमें उसने बताया है कि 28 जून 2025 को वह अपनी पत्नी आंचल कुमारी के साथ लहेरियासराय जाने के लिए तेघड़ा स्टेशन से हावड़ा-जयनगर ट्रेन में सवार हुआ था। ट्रेन खुलते ही नींद आ गई। इसी क्रम में पत्नी ने कहा कि वह समस्तीपुर स्टेशन के पास शौचालय जा रही है। मैंने कहा ठीक है। कुछ देर बाद जब मेरी नींद खुली तो देखा कि मेरी पत्नी वहां नहीं थी। फिर मैं बाथरूम के पास गया और देखा लेकिन वह वहां भी नहीं थी।
इसके बाद हमने पूरी बोगी की तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इस बीच ट्रेन लहेरियासराय पहुंच चुकी थी। इसके बाद हम लहेरियासराय स्टेशन पर उतरे और खोजबीन की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला, सुमित ने बताया कि मैंने अपनी पत्नी के मोबाइल पर भी कॉल किया, लेकिन मोबाइल भी बंद था।
18 मई 2025 को हुई थी शादी : सुमित के मुताबिक, उसकी शादी एक माह पहले 18 मई 2025 को आंचल से हुई थी। हम दोनों की शादी बेगूसराय जिले में हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों साथ रह रहे थे। सुमित ने किसी भी प्रेम संबंध से इनकार करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। इस संबंध में सुमित ने बताया कि उसने थाने में आवेदन दिया है, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
पिता को देखने जा रही थी महिला : इस बीच ट्रेन से गायब हुई महिला की मां प्रभा देवी ने बताया कि उसकी बेटी आंचल अपने पति के साथ लहेरियासराय आ रही थी। आंचल के पिता का हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। दोनों उससे मिलने आ रहे थे। आंचल की मां ने बताया कि हमने अपने सभी रिश्तेदारों और परिचितों को फोन कर जानकारी ली है। उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला है।
मां ने बेटी को खोजने की लगाई गुहार : इस बीच आंचल की मां ने जीआरपी से जल्द से जल्द बेटी को खोजकर लाने की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि बेटी का मोबाइल बंद है। व्हाट्सएप कॉल भी किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। दोनों पति-पत्नी शनिवार की सुबह पांच बजे तेघड़ा से लहेरियासराय के लिए निकले। हालांकि लापता महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिजन परेशान हैं। उन्होंने समस्तीपुर, लहेरियासराय जीआरपी पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।