सावन में श्री काशी विश्वनाथ धाम में रहेंगे विशेष इंतजाम, बनेंगे 5 हेल्प डेस्क, लॉकर सुविधा रहेगी बंद
वाराणसी। सावन माह के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धाम प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस बार धाम परिसर में कुल पांच हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही एक खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा ताकि किसी वस्तु या व्यक्ति के गुम हो जाने की स्थिति में तत्काल मदद मिल सके।
धाम परिसर में सावन मास के दौरान लॉकर की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। ऐसे में मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपना सामान, मोबाइल, बैग या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं अपने होटल, धर्मशाला या घर में सुरक्षित रखकर ही दर्शन के लिए आएं।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण ने बताया कि सावन के लिए तैयार की गई एसओपी के अनुसार सभी विभागीय बैठकों के बाद व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। धाम परिसर में एंड टू एंड बैरिकेडिंग कराई जा रही है ताकि भीड़ नियंत्रित रहे। भारी भीड़ के कारण दर्शन में समय लग सकता है, इसलिए श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे खाली पेट कतार में न लगें और धैर्य रखें।
सावन माह भर श्री काशी विश्वनाथ के स्पर्श दर्शन नहीं होंगे। मंदिर न्यास की वेबसाइट व सोशल मीडिया के माध्यम से सभी अद्यतन जानकारियां श्रद्धालुओं को नियमित रूप से दी जा रही हैं।