वाराणसी में 1 अक्टूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

0


वाराणसी। जनपद वाराणसी में 1 अक्टूबर से पूरे माह विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (Special Vector-Borne Disease Control Campaign) संचालित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों और विभागीय समन्वय को लेकर शनिवार को रायफल क्लब सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि पिछले अभियान में पाई गई कमियों को दोहराने की कोई स्थिति स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अभियान में सभी विभागों को दी गई जिम्मेदारियों का अनुपालन सौ फीसदी होना चाहिए और लापरवाही किसी भी स्तर पर क्षम्य नहीं होगी।

जल जमाव और हॉटस्पॉट पर विशेष फोकस
सत्येंद्र कुमार ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर के सभी चिन्हित हॉट स्पॉट क्षेत्रों के खाली प्लाटों में जल जमाव की स्थिति का पूर्ण सर्वेक्षण कराया जाए और सभी जगह जलभराव का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा जल जमाव की जानकारी जल कल विभाग को उपलब्ध कराई जाए ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश भी दिया, जो नियमित रूप से जलभराव की स्थिति की मॉनिटरिंग करे और इसकी रिपोर्ट विभाग को प्रस्तुत करे।

a

अभियान की रूपरेखा और गतिविधियाँ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान फोगिंग, एण्ट्री लार्वा का छिड़काव, स्क्रीनिंग कैंप और जागरूकता कार्यक्रम पूरे जनपद में संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक गांव और वार्ड में नियमित फोगिंग की जाएगी और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। अभियान के दौरान डेंगू केस की मैपिंग भी की जाएगी।

a

इस अभियान के तहत दस्तक अभियान भी चलेगा, जिसमें स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बुखार, इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI), टीबी, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, कालाजार, कुपोषित बच्चों के साथ-साथ डायबिटीज और हाइपरटेंशन जैसी गैर-संचारी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की सूची तैयार करेंगे। रोगियों के उपचार, प्रबंधन और परामर्श पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता इस अभियान में पूर्ण सहयोग देंगी।

a

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में अभियान के नोडल अधिकारी डॉ अमित सिंह, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, जिला पंचायती राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधीक्षक, प्रभारी चिकित्साधिकारी, यूनीसेफ के डीएमसी के साथ कृषि, जल कल, नगर विकास, पंचायती राज और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी का सख्त संदेश
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी विभागों को आगाह किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता और लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अभियान की सत प्रतिशत मॉनिटरिंग और समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से हो सके और आम जनता सुरक्षित रहे।



Leave A Reply

Your email address will not be published.