स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 के तहत बरेका में हुए विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम
वाराणसी। रेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का संचालन महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम
बरेका द्वारा पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के पुनर्चक्रण को ध्यान में रखते हुए अपने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इस प्लांट के माध्यम से उपचारित जल को उद्यान विभाग में हरियाली बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। पिछले माह अगस्त 2025 में कुल 1,38,334 क्यूबिक मीटर जल का उपचार किया गया। यह पहल न केवल जल संरक्षण बल्कि सतत विकास की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही है।

इसके साथ ही, बरेका ने एनरोबिक डाइजेशन तकनीक का उपयोग कर पेड़ों की सूखी पत्तियों और अन्य जैविक कचरे से उच्च गुणवत्ता वाला जैविक खाद तैयार करने की पहल की है। इस परियोजना के तहत अब तक 45 टन जैविक खाद का उत्पादन किया जा चुका है, जिसका सफल उपयोग उद्यान विभाग द्वारा किया जा रहा है।

कॉलोनियों में घर-घर जाकर स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए बरेका कॉलोनी में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, स्काउट एवं गाइड और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सदस्यों ने पश्चिमी कॉलोनी, कंचनपुर कॉलोनी, केंद्रीय कॉलोनी, पूर्वी और ककरमत्ता कॉलोनी में घर-घर जाकर स्वच्छता संबंधी पैम्फलेट वितरित किए।
रेलवे सुरक्षा बल ने कॉलोनी में घर-घर जाकर उद्घोषणा कर स्वच्छता का संदेश दिया, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

कार्यालयों की साफ-सफाई और निस्तारण पर जोर
विशेष स्वच्छता अभियान 5.0 के प्रथम चरण (तैयारी चरण) के अंतर्गत विभिन्न विभागों के कार्यालयों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण किया गया।
मुख्य सामग्री प्रबंधक/मुख्यालय, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक/इंजन, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/प्रशासन, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय तथा उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला के कार्यालयों में विशेष कार्यवाही की गई। इस दौरान पुराने रिकॉर्ड्स का प्रबंधन, अनुपयोगी सामान और फर्नीचर का निस्तारण, कार्यालयों का सौंदर्यीकरण और स्क्रैप निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए।

बरेका का संकल्प
बरेका ने संकल्प लिया है कि ऐसे प्रयासों को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को साकार किया जा सके।