वाराणसी। “स्वच्छता ही सेवा अभियान – 2025” के अंतर्गत बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष खेल लीग का आयोजन किया गया। यह आयोजन रेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में बरेका खेल संघ और संरक्षा विभाग की ओर से किया गया।
महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस लीग में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और कुश्ती जैसे खेलों का आयोजन हुआ। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ इसमें भाग लिया।
खेलों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस तरह के कार्यक्रम कर्मचारियों और समाज को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
इसके साथ ही, बरेका के संरक्षा विभाग ने “विशेष स्वच्छता अभियान 5.0” के प्रथम चरण के तहत मुख्य विद्युत इंजीनियर/एम और मंडलीय विद्युत इंजीनियर के कार्यालयों में स्वच्छता से संबंधित विशेष गतिविधियाँ भी आयोजित कीं।
बरेका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संस्थान स्वच्छता अभियान के प्रति पूरी तरह कटिबद्ध है और नियमित प्रयासों से न केवल अपने परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का कार्य कर रहा है, बल्कि समाज को भी स्वच्छता के महत्व से जोड़ रहा है।