अजब MP में गजब खेल: 12 साल से विधवा पेंशन, कागजों में ‘मरे’ पति से गुजारा भत्ता भी ले रही पत्नी, मैं जिंदा हूं… की तख्ती लेकर घूम रहा शख्स
Singrauli Man Proves Himself Alive: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से भ्रष्टाचार और सिस्टम की लापरवाही का एक ऐसा अजब-गजब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। यहां एक जीवित व्यक्ति को सरकारी दस्तावेजों में ‘स्वर्गीय’ घोषित कर दिया गया है। चौंकाने वाली बात यह कि जिस पति को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाकर पत्नी वर्षों से ‘विधवा पेंशन’ का लाभ उठा रही है, वही पति उसे हर महीने जीवित रहकर गुजारा भत्ता (Maintenance) भी दे रहा है। अब यह शख्स अब अपने गले में तख्ती लटकाकर दफ्तर-दफ्तर भटक रहा है और चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा है कि वह मरा नहीं है।
पति को हुई जेल, पत्नी ने कागजों में मार डाला
पूरा मामला बैढ़न जनपद के करसोसा गांव का है। यहां के रहने वाले चंद्रबली पटेल इन दिनों कलेक्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। चंद्रबली की शादी करीब 30 साल पहले अंजोरिया से हुई थी, लेकिन घरेलू विवाद के चलते 2014 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद चंद्रबली ने दूसरी शादी कर ली। विवाद इतना बढ़ा कि अंजोरिया ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया, जिसके कारण 2024 में जेल तक जाना पड़ा।
पति जिंदा, पत्नी ले रही विधवा पेंशन
असली खेल चंद्रबली के जेल जाने के दौरान शुरू हुआ। आरोप है कि अंजोरिया ने पंचायत स्तर पर सांठगांठ की और खुद को ‘विधवा’ दिखाकर सरकारी रिकॉर्ड में पेंशन स्वीकृत करा ली। हैरानी की बात यह है कि पिछले 12 सालों से अंजोरिया विधवा पेंशन का लाभ ले रही है, जबकि चंद्रबली जीवित है और कोर्ट के निर्देशानुसार उसे हर महीने गुजारा भत्ता दे रहा है।
लेकिन अब पीड़ित चंद्रबली पटेल गले में “साहब, मैं जिंदा हूं” लिखी तख्ती लटकाकर कलेक्टरेट में न्याय मांग रहा है। वह खुद को जिंदा साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। वह कई बार अधिकारियों से मामले में शिकायत कर चुके हैं। पीड़ित ने पंचायत के अधिकारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
गुजारा भत्ता देने के लिए बेचनी पड़ी जमीन
चंद्रबली की आर्थिक हालत इतनी खराब हो गई कि उसे गुजारा भत्ता और जेल से रिहाई के लिए अपनी जमीन बेचनी पड़ी। उसने जमीन बेचकर 3 लाख 70 हजार रुपए बतौर गुजारा भत्ता जमा किए। इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी पहली पत्नी उसे मृत घोषित करवाकर सरकार को भी चूना लगा रही है और सरकार से विधवा पेंशन ले रही है।
बेटा चाहता है घर लौट आए मां
चंद्रबली और अंजोरिया की तीन संतानें हैं। उनका 20 वर्षीय बड़ा बेटा राजकमल चाहता है कि उसकी मां वापस आ जाए। बेटे का कहना है कि अगर मां पिता के साथ नहीं रहना चाहती, तो कम से कम बच्चों के साथ रहे, लेकिन अंजोरिया वापस लौटने को तैयार नहीं है।
प्रशासन की सख्ती: दोषियों से होगी वसूली
इस मामले में पटेल ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ केस दर्ज करने, गबन की गई धनराशि की वसूली के साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामला मीडिया में आने और जनसुनवाई तक पहुंचने के बाद जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जनपद पंचायत बैढ़न से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सीईओ ने स्पष्ट किया है कि जिन भी कर्मचारियों की मिलीभगत से जिंदा व्यक्ति को मृत घोषित किया गया है, उन पर सख्त कार्रवाई होगी और गलत तरीके से ली गई पेंशन की राशि भी वसूली जाएगी।
ajab gajab news hindi latest, Ajab Gajab News MP, Singrauli Widow Pension case, Singrauli News, MP Strange Case, Widow Pension Scam, Singrauli Chandra Bali Patel, Alive Man Proves Identity, MP Corruption news, Man Proves Himself Alive,