वाराणसी : श्रावणी पूजा के दौरान छात्र लापता, गंगा घाट पर मिले कपड़े
वाराणसी। श्रावणी पूजा करने पहुंचे रणवीर संस्कृत विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र नितेश त्रिपाठी (17) की गंगा तट से लापता हो गया। उसके गंगा में डूबने की आशंता जताई जा रही है। छात्र के कपड़े गंगा घाट पर मिले हैं। छात्र की दूसरे दिन भी खोजबीन जारी रही, लेकिन पता नहीं चला। छात्र के पिता ने बचाव दल की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।
जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव निवासी नितेश शनिवार को अपने साथियों के साथ तुलसी घाट गया था। स्नान और पूजा के दौरान वह अचानक लापता हो गया। किसी ने उसे डूबते हुए नहीं देखा। पूजा समाप्त होने के बाद जब साथी छात्र उसे खोजने लगे, तो उसका कपड़ा और सामान घाट की सीढ़ियों पर रखा मिला, लेकिन वह कहीं नहीं दिखा। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और गोताखोर मौके पर पहुंचे, हालांकि शनिवार को कुछ मिनट की खोजबीन के बाद वे लौट गए।
नितेश लंका के संकट मोचन मंदिर मार्ग स्थित जगन्नाथ ज्योतिष कार्यालय के पास किराए के कमरे में चार अन्य छात्रों के साथ रहकर पढ़ाई करता था। उसके पिता बटेश्वर नाथ त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर आरोप लगाया कि बचाव दल की लापरवाही के कारण उनके बेटे का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल सका।