काशी विद्यापीठ में “संडे ऑन साइकिल” प्रतियोगिता, प्रतिभागियों को मेडल देकर किया सम्मानित
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को “संडे ऑन साइकिल” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खेल दिवस की श्रृंखला में आयोजित हुआ।

प्रतियोगिता की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रजत सिंह एवं जनपद वाराणसी के सहायक अभियोजन अधिकारी दीपक कुमार द्वारा झंडी दिखाकर की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। साइकिल रेस संपन्न होने के पश्चात सभी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजन स्थल पर कीड़ा परिषद के सचिव डॉ. नवरतन सिंह ने दोनों विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडे, उपाध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह एवं डॉ. राधेश्याम राय ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उत्साह की सराहना की। “संडे ऑन साइकिल” प्रतियोगिता न केवल एक खेल आयोजन था, बल्कि यह युवाओं में फिटनेस और सामाजिक जागरुकता के संदेश को भी प्रभावी ढंग से पहुंचाने वाला कार्यक्रम सिद्ध हुआ।